‘पंचायत 5’ के प्रमोशनल वीडियो में केविन पीटरसन बनराकस और दामाद जी के साथ फुलेरा गांव की सैर करते नजर आए। जानिए नए सीजन की रिलीज डेट।
News Saga Desk
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन अब मनोरंजन की दुनिया में भी सुर्खियां बटोर रहे हैं। उनका एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के किरदारों बनराकस और दामाद जी के साथ फुलेरा गांव की सैर करते नजर आ रहे हैं। पीटरसन का यह अनोखा देसी अंदाज प्रशंसकों को खूब पसंद आ रहा है।
सिर पर गमछा बांधे बाइक पर दिखे पीटरसन
ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो ने ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन के प्रमोशन के लिए एक खास वीडियो जारी किया है। इसमें पीटरसन सिर पर गमछे का मुरेठा बांधे बनराकस और दामाद जी के साथ बाइक पर घूमते दिखाई दे रहे हैं।
करीब दो मिनट 31 सेकंड के इस वीडियो में पीटरसन ‘पंचायत’ के कुछ लोकप्रिय डायलॉग भी बोलते नजर आ रहे हैं। क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर पीटरसन का यह मजेदार अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
3 दिसंबर को रिलीज होगा ‘पंचायत’ का पांचवां सीजन
‘पंचायत’ के पिछले चार सीजन को दर्शकों से भरपूर प्यार मिला है। अब प्रशंसकों को इसके पांचवें सीजन का बेसब्री से इंतजार है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नया सीजन 3 दिसंबर 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा।
फुलेरा गांव की राजनीति, आपसी नोकझोंक और ग्रामीण जीवन की दिलचस्प कहानियों पर आधारित इस सीरीज के प्रधान जी, सचिव जी, बनराकस और दामाद जी जैसे किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
क्या ‘पंचायत 5’ में अभिनय करेंगे केविन पीटरसन?
प्रमोशनल वीडियो सामने आने के बाद प्रशंसकों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या केविन पीटरसन भी ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन में अभिनय करते नजर आएंगे। हालांकि, इस संबंध में अभी तक निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
फिलहाल पीटरसन इस खास प्रमोशनल वीडियो का हिस्सा नजर आ रहे हैं। उनके देसी अंदाज ने नए सीजन को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
No Comment! Be the first one.