NEWS SAGA DESK
रांची: झारखंड विधानसभा में मंगलवार का प्रश्नकाल बेहद शांतिपूर्वक चला और विपक्ष-सत्ता पक्ष दोनों ओर से शिक्षा व स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दे मजबूती से उठाए गए। सदन में उठे विभिन्न सवालों पर संबंधित मंत्रियों ने जवाब देते हुए स्थिति स्पष्ट की और आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मेडिकल काउंसलिंग में कथित धांधली का मामला उठाते हुए कहा कि जेसीईसीईबी पोर्टल को जल्द से जल्द एनटीए पोर्टल से लिंक किया जाए, ताकि अनियमितताओं पर रोक लगे। उन्होंने मेडिकल काउंसिल की गाइडलाइन पालन करने पर जोर दिया।
गलत उपकरण खरीद का मामला सदन में उठा
भाजपा विधायक राज सिन्हा ने वृद्धों के लिए सपोर्टिंग डिवाइस की जगह वर्नियर कैलिपर्स खरीदने का मुद्दा उठाया। मंत्री इरफान ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि रकम कम होने के कारण इसे घोटाला नहीं कहा जा सकता, लेकिन विभाग को गुमराह किए जाने की बात सही है।
राजमहल अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर बंद—विधायक ने जताई चिंता
झामुमो विधायक मो. ताजुद्दीन ने राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर के संचालन नहीं होने से मरीजों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। मंत्री इरफान ने आश्वासन दिया कि वह स्वयं निरीक्षण करेंगे और डॉक्टरों की कमी को दूर करने पर काम होगा।
डिग्री कॉलेज में शिक्षक न होने पर चिंता
भाजपा विधायक अमित कुमार यादव ने बरकट्ठा डिग्री कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों की भारी कमी का मामला उठाया। मंत्री सुदिव्य ने बताया कि प्रभारी प्राचार्य की नियुक्ति कर दी गई है और बहाली प्रक्रिया जारी है। जरूरत पड़ने पर छात्रों को अन्य संस्थानों में समायोजित किया जाएगा।
किडनी मरीजों के इलाज में बाधा—धनबाद से उठी आवाज
भाजपा विधायक रागिनी सिंह ने धनबाद और आसपास के जिलों में डायलिसिस मशीनें खराब होने और अस्पतालों में गंदगी का मुद्दा उठाया। मंत्री इरफान ने कहा कि व्यवस्था को नई बिल्डिंग में शिफ्ट किया जाना है और जल्द ही वह स्वयं निरीक्षण कर सुविधाओं को बेहतर बनाएंगे।
प्रश्नकाल के दौरान उठे मुद्दों पर सरकार ने कार्रवाई और सुधार का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सभी महत्वपूर्ण मामलों पर गंभीरता से काम किया जाएगा।
No Comment! Be the first one.