News Saga Desk
बोकारो। जिले के बालिडीह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित गोविंद मार्केट के पास गुरुवार को एक ट्रक की चपेट में आने से दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय संजीव सिंह और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, घोड़ावालीडीह निवासी संजीव सिंह, जो बालिडीह स्थित एक इथेनॉल कंपनी में कार्यरत थे, अपनी पत्नी के साथ बाइक से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। संजीव सिंह अपने पीछे दो बेटे (8 और 10 वर्ष के) को छोड़ गए हैं।
हादसे के बाद सड़क जाम
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और सड़क जाम कर दिया। उन्होंने मृतक परिवार को मुआवजा देने और ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। औद्योगिक क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बालिडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और ट्रक चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
No Comment! Be the first one.