News Saga Desk
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर ज़िले के बसंतगढ़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दुखद सड़क दुर्घटना हुई। कंडवा इलाके के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए एक गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में तीन जवानों ने देश सेवा करते हुए अपने प्राण गंवा दिए, जबकि 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
ऑपरेशन से लौट रहे थे जवान
यह दुर्घटना सुबह लगभग 10:30 बजे घटी, जब सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन का वाहन बसंतगढ़ में एक ऑपरेशन के बाद लौट रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन खाई में गिर गया। दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया। दुर्घटना में शहीद हुए जवानों में कांस्टेबल आनंद कोच (137वीं बटालियन) और हेड कांस्टेबल अरविंद सिंह (187वीं बटालियन) शामिल हैं। शेष जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से आठ की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
प्रशासन और स्थानीय लोगों की तत्परता
उधमपुर के एडीसी प्रेम सिंह ने जानकारी दी कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुर्घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर खराब सड़क और मौसम की स्थिति को जिम्मेदार माना जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “उधमपुर में हुए हादसे में सीआरपीएफ कर्मियों के शहीद होने से अत्यंत दुखी हूं। राष्ट्र के प्रति उनकी समर्पित सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकता। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। वरिष्ठ अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि सभी प्रभावितों को हरसंभव सहायता और चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं।”
No Comment! Be the first one.