News Saga Desk
राजधानी रांची स्थित Pahari Mandir इन दिनों आंतरिक विवाद को लेकर चर्चा में है। मंदिर से जुड़े दो गुटों के बीच बढ़ते मतभेद और फंड को लेकर उठे सवालों के कारण श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पहाड़ी मंदिर में लंबे समय से दो अलग-अलग गुट भजन-कीर्तन और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। इनमें से एक गुट को मंदिर संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि हाल के दिनों में दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया है।
14 लाख रुपये के फंड पर उठा विवाद
पुरानी समिति का आरोप है कि नई समिति ने पहाड़ी मंदिर विकास समिति के लगभग 14 लाख रुपये निजी खाते में ट्रांसफर किए हैं। आरोप लगाने वाले पक्ष का कहना है कि इस राशि के खर्च का स्पष्ट हिसाब-किताब अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
पुरानी समिति का दावा है कि फंड ट्रांसफर से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेज मौजूद हैं, लेकिन नई समिति खर्च का पूरा ब्यौरा देने से बच रही है। इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी
मंदिर में चल रहे विवाद और वर्चस्व की लड़ाई का असर अब आम भक्तों पर भी पड़ने लगा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर परिसर में लगातार तनाव का माहौल बना रहता है, जिससे पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। भक्तों और स्थानीय लोगों की मांग है कि मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता लाई जाए और विवाद का जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि धार्मिक गतिविधियां सुचारु रूप से चल सकें।
No Comment! Be the first one.