झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगलों से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार सुबह से छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुंभडीह गांव के पास सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ जारी है। अब तक 10 से 12 माओवादियों के मारे जाने की सूचना है। इस मुठभेड़ में 1 करोड़ रुपये के इनामी माओवादी नेता अनल के मारे जाने की भी खबर है।
अनल दस्ते के साथ हुई मुठभेड़
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों का सामना प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के कुख्यात अनल दस्ते से हुआ है। सुरक्षाबलों को खुफिया इनपुट मिला था कि इलाके में नक्सली किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। इसके बाद पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
गुरुवार सुबह से ही इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है, जिससे जंगल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में एक शीर्ष माओवादी कमांडर समेत कई नक्सली ढेर किए गए हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक मारे गए नक्सलियों की संख्या और पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ऑपरेशन जारी, इलाका हाई अलर्ट पर
कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों का ऑपरेशन फिलहाल जारी है। क्षेत्र की दुर्गम और विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए विशेष सावधानी बरती जा रही है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन समाप्त होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। मुठभेड़ के बाद पूरे सारंडा जंगल क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। नक्सलियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों और बैकअप टीमों को मौके पर भेजा गया है।
No Comment! Be the first one.