गुमला के भरनो प्रखंड में हाथियों का बड़ा झुंड सक्रिय, ग्रामीणों में दहशत

News Saga Desk

गुमला: जिले के भरनो प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को करीब 22 हाथियों का झुंड देखा गया, जिससे ग्रामीणों और किसानों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि यह झुंड लोहरदगा जिले की ओर से अम्लीय क्षेत्र में प्रवेश किया है। झुंड में छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर हाथियों के आक्रामक होने की आशंका जताई जा रही है।

हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही इलाके के ग्रामीण सतर्क हो गए। लोगों ने शोर मचाकर हाथियों को गांव में प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया। फिलहाल हाथियों का झुंड आसपास के सीमावर्ती जंगलों में डेरा डाले हुए है। हालांकि कुछ लोग हाथियों को नजदीक से देखने और उनका वीडियो बनाने के लिए उनके पास जाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे वन विभाग ने बेहद खतरनाक बताया है।

वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों से अपील

जंगलों में हाथियों की सक्रियता की जानकारी मिलते ही स्थानीय वन विभाग हरकत में आ गया है। जिला वन पदाधिकारी बेलाल अहमद ने ग्रामीणों से हाथियों के पास न जाने और पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि विभाग पूरी तरह अलर्ट है और सभी वन कर्मियों को सक्रिय कर दिया गया है।

फसलों को नुकसान की आशंका

डीएफओ बेलाल अहमद ने बताया कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में 22 हाथियों का झुंड सक्रिय हुआ था, जिसने दो से तीन दिनों तक डेरा डालने के दौरान धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया था। वर्तमान में ग्रामीणों के खेतों में आलू, गोभी, मटर, गेहूं और अन्य रबी फसलें लगी हुई हैं। ऐसे में हाथियों के झुंड से फसलों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।

वन विभाग की टीम हाथियों को सुरक्षित वन क्षेत्र की ओर ले जाने के लिए रणनीति तैयार कर रही है। साथ ही ग्रामीणों को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्क रहने की लगातार सलाह दी जा रही है।

Read More News

अमेरिका दौरे पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर, व्यापार समझौते के बाद उच्चस्तरीय बैठकों से भारत-अमेरिका रिश्तों को मिली नई गति

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मंगलवार को अपने तीन दिवसीय अमेरिका दौरे की शुरुआत की। वॉशिंगटन...

Read More