News Saga Desk
रांची। झारखंड आंदोलन के प्रणेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति में राजधानी रांची में एक स्मृति स्थल का निर्माण किया जाएगा। इसकी घोषणा झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य सोनू ने गुरुवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान की। मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार दिशोम गुरु की ऐतिहासिक भूमिका और उनके योगदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से यह स्मृति स्थल बनवाने जा रही है। स्मृति स्थल को भव्य और भावनात्मक रूप से समृद्ध रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां गुरुजी के संघर्ष, विचार और आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 1 अगस्त से प्रारंभ हुआ था। लेकिन 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के कारण सत्र को स्थगित कर दिया गया था। उनके श्राद्धकर्म की समाप्ति के बाद आज से पुनः सत्र की कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें यह महत्वपूर्ण घोषणा की गई। शिबू सोरेन झारखंड की राजनीति के सबसे सशक्त जननेता माने जाते हैं। झारखंड के अलग राज्य गठन के संघर्ष से लेकर आदिवासी अधिकारों की लड़ाई तक, उनका जीवन प्रेरणा का स्रोत रहा है। उनके सम्मान में बनने वाला यह स्मृति स्थल न केवल श्रद्धांजलि होगा, बल्कि राज्य के इतिहास का एक जीवंत प्रतीक भी बनेगा।
No Comment! Be the first one.