News Saga Desk
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के दो इंजीनियरों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, बता दें कि टीम दोपहर के समय पहले से तय योजना के तहत विभागीय कार्यालय पहुंची और जैसे ही घूस की रकम का लेन-देन हुआ, दोनों अधिकारियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
1.72 लाख रुपये लेते पकड़े गए दोनों अधिकारी
गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राहुल कुमार और असिस्टेंट इंजीनियर विजय दांगी शामिल हैं, दोनों पर आरोप है कि उन्होंने एक काम के बदले 1.72 लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया और जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत के बाद बिछाया गया था जाल
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने एसीबी से संपर्क कर रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद टीम ने रणनीति बनाकर निगरानी शुरू की और पैसे देने की प्रक्रिया के दौरान पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। सबूत पुख्ता होते ही दोनों इंजीनियरों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दफ्तर में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद जल संसाधन विभाग के कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई, कर्मचारी अचानक हुई छापेमारी से हैरान रह गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। फिलहाल ACB की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस तरह की वसूली पहले भी की जाती रही है या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं। जल्द ही मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
No Comment! Be the first one.