NEWS SAGA DESK
भागलपुर :- दानापुर–साहेबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव करने के मामले में रेल पुलिस ने आरोपित मो. इरफान को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।
रेलवे पुलिस को गुरुवार सुबह सूचना मिली कि आरोपित अपने मोहद्दीनगर स्थित घर में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को दानापुर से साहेबगंज जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस पर नाथनगर और भागलपुर स्टेशन के बीच परबत्ती क्षेत्र में पथराव किया गया था। आरोप है कि मो. इरफान ने ट्रेन पर पत्थर फेंका था।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ए.के. गिरि ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह नशे का आदी है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भागलपुर रेलखंड पर ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। पिछले वर्ष वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी पथराव हुआ था, जिसके बाद रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया था।
No Comment! Be the first one.