आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले का आरोपी पुलिस हिरासत से भागा, मांडर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

रांची :- चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी ने पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने उसका पीछा किया और मांडर टोल प्लाजा के पास हुई मुठभेड़ के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, सैफ नामक आरोपी को गिरफ्तार कर रांची के कोतवाली थाना में रखा गया था। गुरुवार दोपहर उसने बाथरूम जाने की अनुमति मांगी। बाथरूम के बाहर प्रहरी तैनात था, लेकिन आरोपी ने चकमा देने के लिए नल खोल दिया और बाथरूम की खिड़की से कूदकर थाना परिसर के पीछे झाड़ियों की ओर भाग निकला।

आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही रांची पुलिस में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), सिटी एसपी सहित कई पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान मांडर टोल प्लाजा के पास आरोपी के होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेर लिया।

पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों की राइफल छीनने और फायरिंग करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की थी। सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि आरोपी सैफ को निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Read More News

आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले का आरोपी पुलिस हिरासत से भागा, मांडर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम...

Read More