महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को आदित्य साहू ने किया नमन

झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रांची के ओरमांझी में दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की

NEWS SAGA DESK:

झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रांची के ओरमांझी में दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण नमन किया।

इस मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता जैसे मूल्यों के जरिए समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने का काम किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्य के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति की मिसाल रहा।

उन्होंने कहा कि देश के निर्माण में गांधी और शास्त्री का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उनके विचार और जीवन-मूल्य आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।

आदित्य साहू ने कहा कि इन महान नेताओं के आदर्शों को केवल याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बताए रास्ते पर चलकर देश, राज्य और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाना ही उनके प्रति वास्तविक सम्मान होगा।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामटहल चौधरी समेत रांची पूर्वी क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Read More News

Read More