रांची में जमीन कब्जाने के लिए हवाई फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो पिस्टल और 13 कारतूस बरामद

News Saga Desk

रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित कोलांबी गांव में जमीन के अवैध कब्जे को लेकर दहशत फैलाने के इरादे से तीन राउंड हवाई फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो पिस्टल और 13 कारतूस बरामद किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने इलाके में भय का माहौल बनाने के लिए हवाई फायरिंग की थी। साथ ही ग्रामीणों को धमकी भी दी गई थी कि मामले की जानकारी पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को नहीं दी जाए।

हालांकि पुलिस को मामले की गुप्त सूचना मिल गई, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी अनूप कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अनूप ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके साथ ही उसने आर्म्स सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की जानकारी भी पुलिस को दी।

अनूप की निशानदेही पर पुलिस ने रमेश गोप और प्रताप गोप को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी जमीन कब्जाने के खेल में शामिल थे। जमीन पर कब्जा दिलाने के एवज में पैसे लेते थे और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि आरोपियों का कोई बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन उनका बढ़ा हुआ मनोबल किसी बड़ी वारदात को जन्म दे सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और हथियार सप्लाई चेन की जांच में जुटी हुई है।

Read More News

वियतनाम से रांची पहुंचा योग शिक्षक राजा वर्मा का पार्थिव शरीर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर...

Read More