आवास योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार का आरोप, वित्त मंत्री के क्षेत्र में अनियमितताओं पर संदीप सरकार का हमला

News Saga Desk

पलामू जिले के छत्तरपुर-पाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नौडीहाबाजार प्रखंड में आवास योजनाओं को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। युवा एकता मंच के पलामू जिला अध्यक्ष और छत्तरपुर-पाटन के पूर्व विधायक प्रत्याशी संदीप सरकार ने क्षेत्र के करकटा, हुसली, शाहपुर, देवनार समेत कई गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और आवास योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

संदीप सरकार ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी और आवास प्रखंड समन्वयक की लापरवाही के कारण अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। ग्रामीणों के अनुसार, लाभुकों से अवैध वसूली की जा रही है और कथित तौर पर एजेंटों के माध्यम से 5 हजार से 30 हजार रुपये तक की रिश्वत लेकर अयोग्य लोगों को आवास का लाभ दिया गया है, जबकि पात्र लोगों को इससे वंचित रखा गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी सैकड़ों दलित, आदिवासी, आदिम जनजाति और पिछड़े वर्ग के लोग घास-फूस और पत्तों से बने घरों में रहने को मजबूर हैं। संदीप सरकार ने यह भी दावा किया कि आवास समन्वयक के पास कथित रूप से अनुपातहीन संपत्ति है, जिसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि आवास योजनाओं में भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया है कि इसे छुपाने के लिए सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत चार महीने पहले मांगी गई जानकारी अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वित्त मंत्री के करीबी बताए जा रहे करकटा पंचायत के मुखिया द्वारा भी आवास योजना में अवैध वसूली की जा रही है।

संदीप सरकार ने पलामू के उपायुक्त और झारखंड सरकार के वित्त मंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो युवा एकता मंच चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।

इस मौके पर सुरेश राम, लालन यादव, बबन उरांव, शिवशंकर यादव, पप्पू कुमार यादव, विकास यादव, आनंद चौधरी, पंकज राम, डॉ. अजय कुमार, प्रेमचंद कुमार, विनोद कुमार, अरुण यादव, लालाबाबू यादव, बिनोद राम सहित कई लोग उपस्थित थे।

Read More News

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More