News Saga Desk
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ दरभंगा में की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर झारखंड बीजेपी महिला मोर्चा का आक्रोश सड़कों पर दिखा। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में जयपाल सिंह स्टेडियम से आक्रोश मार्च निकालते हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ीं।
लेकिन पुलिस ने रांची विश्वविद्यालय के मेन गेट के पास ही उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। महिला कार्यकर्ता बीच सड़क पर धरने पर बैठ गईं और कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगीं।
पुलिस से झड़प और हल्का बल प्रयोग
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय घेरने जा रही प्रदर्शनकारी महिलाओं को रोकने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कई बार हालात बिगड़ने की नौबत आई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, लेकिन आक्रोशित महिलाओं ने उसे तोड़ने की कोशिश की।
इस दौरान पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। वहीं, बड़ी संख्या में मौजूद पुरुष कार्यकर्ताओं ने भी आंदोलन में हिस्सा लिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
बीजेपी का कांग्रेस पर सीधा हमला
बीजेपी महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। महिला नेताओं ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी लगातार प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
बीजेपी ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की बयानबाजी बंद नहीं हुई, तो राज्यभर में और भी उग्र आंदोलन किए जाएंगे। महिला मोर्चा की ओर से साफ कहा गया कि पीएम मोदी की मां के खिलाफ अपशब्द बोलकर कांग्रेस ने देश की मातृ-शक्ति का अपमान किया है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, दरभंगा में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा नामक व्यक्ति ने पीएम मोदी और उनकी माता के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद बीजेपी ने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया। बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह कांग्रेस और राजद की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है। पार्टी ने इसे मतदाताओं के बीच नैतिक और भावनात्मक मुद्दे के रूप में उठाने की रणनीति बनाई है। यही वजह है कि झारखंड में महिला मोर्चा सड़कों पर उतरा और प्रदेश कांग्रेस कार्यालय घेराव की कोशिश की।
No Comment! Be the first one.