Annapurna Yojana के तहत 1.45 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खाते में 3000 रुपये पहुंचे। शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के आरोपों पर आंकड़ों के साथ जवाब दिया।
पश्चिम बंगाल में Annapurna Yojana को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उन आरोपों का जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर योजना का लाभ चुनिंदा लोगों को देने का आरोप लगाया था। शुभेंदु अधिकारी ने योजना के लाभुकों के आंकड़े सार्वजनिक करते हुए दावा किया कि 1 करोड़ 45 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 3,000-3,000 रुपये पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन लाभुकों में करीब 19.20 लाख मुस्लिम महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को योजना का लाभ देने की प्रक्रिया जारी है और योग्य आवेदकों को किसी भी स्थिति में योजना से वंचित नहीं किया जाएगा।
1.45 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिला लाभ
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि अब तक 1 करोड़ 45 लाख 64 हजार 472 महिलाओं के बैंक खातों में Annapurna Yojana के तहत 3,000 रुपये की राशि भेजी जा चुकी है। उनके अनुसार कुल लाभुकों में लगभग 19.20 लाख मुस्लिम महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री ने ममता बनर्जी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि योजना का लाभ किसी धर्म या राजनीतिक पहचान के आधार पर नहीं दिया जा रहा है। जो महिलाएं निर्धारित पात्रता पूरी करती हैं, उन्हें योजना में शामिल किया जा रहा है।

नंदीग्राम की 67 हजार महिलाओं के खाते में पहुंचे 3000 रुपये
नंदीग्राम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र की करीब 67 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 3,000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। करीब 5 हजार आवेदनों की जांच अभी चल रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, जांच में इन आवेदकों को पात्र पाया जाता है तो उनके खातों में भी 3,000-3,000 रुपये की राशि भेजी जाएगी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को आश्वस्त किया कि आवेदन में किसी तरह की कमी या तकनीकी समस्या होने पर उसे दूर करने की कोशिश की जाएगी।
इसे भी देखें…रांची में आदिवासी एकता महाजुटान रैली | परिसीमन के विरोध में उमड़ा जनसैलाब | Shilpi Neha Tirkey
आयुष्मान भारत योजना पर भी बड़ा दावा
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में योजना की शुरुआत हो चुकी है और जिन लोगों को केंद्र की योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा, उन्हें मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि ढाई लाख लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड मिल चुका है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, स्वास्थ्य बीमा का लाभ उन लोगों को भी दिया जा रहा है जिन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया। Annapurna Yojana को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। एक ओर ममता बनर्जी योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठा रही हैं, वहीं शुभेंदु अधिकारी लाभार्थियों के आंकड़े पेश कर सरकार की पारदर्शिता का दावा कर रहे हैं।
No Comment! Be the first one.