अगस्त में UPI से 29.82 लाख करोड़ रुपये के लेनदेन हुए। UPI ट्रांजैक्शन की संख्या रिकॉर्ड 2,451 करोड़ पहुंची, जो सालाना आधार पर 22% अधिक है।
देश में डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है और UPI Transaction ने एक बार फिर नया रिकॉर्ड बनाया है। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI के जरिए 29.82 लाख करोड़ रुपये के लेनदेन हुए। यह मई और जुलाई में दर्ज 29.9 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर के बेहद करीब है।

रुपये के मूल्य के लिहाज से अगस्त का आंकड़ा भले ही पुराने रिकॉर्ड से थोड़ा कम रहा, लेकिन लेनदेन की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया। अगस्त में UPI के जरिए कुल 2,451 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए, जबकि जुलाई में यह आंकड़ा 2,366 करोड़ था।
अगस्त में 2,451 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन
NPCI की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में UPI Transaction की संख्या सालाना आधार पर 22 फीसदी बढ़ी है। अगस्त 2025 में UPI के जरिए 1,963 करोड़ लेनदेन हुए थे, जो इस साल बढ़कर 2,451 करोड़ हो गए।
महीने-दर-महीने आधार पर भी डिजिटल भुगतान में मजबूत वृद्धि देखने को मिली है। जुलाई में 2,366 करोड़, जून में 2,272 करोड़ और मई में 2,320 करोड़ UPI लेनदेन दर्ज किए गए थे।
इससे पता चलता है कि छोटे से लेकर बड़े भुगतान तक के लिए डिजिटल माध्यम पर लोगों की निर्भरता लगातार बढ़ रही है।
इसे भी देखें…सरना धर्म कोड को लेकर आर-पार की लड़ाई, महारैली का ऐलान #sarnacode
UPI लेनदेन का मूल्य 29.82 लाख करोड़
अगस्त में UPI के जरिए हुए लेनदेन का कुल मूल्य 29.82 लाख करोड़ रुपये रहा। यह पिछले साल अगस्त के 24.85 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 20 फीसदी अधिक है।
हालांकि, मई और जुलाई में लेनदेन का मूल्य 29.9 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। इस लिहाज से अगस्त का आंकड़ा रिकॉर्ड से मामूली नीचे रहा। इसके बावजूद सालाना वृद्धि यह दिखाती है कि देश में डिजिटल भुगतान का बाजार लगातार विस्तार कर रहा है।
No Comment! Be the first one.