रेत घाट विवाद में भाजपा नेता और उनके भाई की जिंदा जलाकर हत्या, चार गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

रायपुर :- छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र स्थित नौगई गांव में रेत घाट विवाद को लेकर हुए एक सनसनीखेज हमले में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह और उनके भाई नागेंद्र सिंह की मौत हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी फॉर्च्यूनर कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस के अनुसार, भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई नागेंद्र सिंह ने अंबिकापुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में घायल हुए दो अन्य लोगों का उपचार जारी है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नौगई रेत घाट के ठेके और अवैध रेत खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक के भतीजे ने नौगई रेत घाट का ठेका लिया था, जिसे लेकर दूसरे पक्ष से तनाव बना हुआ था।

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों—अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी—को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में स्थानीय भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी का नाम मुख्य आरोपित के रूप में सामने आया है। उनके परिवार के कुछ सदस्यों और रेत कारोबार से जुड़े लोगों को भी मामले में नामजद किया गया है। आरोप है कि हमलावरों ने पहले फॉर्च्यूनर का रास्ता डंपर लगाकर रोका और फिर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

घटना के समय कार में भरत सिंह, नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। बताया जाता है कि हमलावरों ने वाहन सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं दिया, जिससे वे आग की चपेट में आ गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दीपक झा देर रात कोरिया पहुंचे और जांच की निगरानी की। सोनहत थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या, आगजनी और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस एहतियातन अतिरिक्त बल की तैनाती कर स्थिति पर नजर रख रही है।

Read More News

BRICS सम्मेलन को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, देवघर पहुंची गुजरात पुलिस; संदिग्ध युवक हिरासत में

BRICS सम्मेलन और गांधीनगर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में गुजरात पुलिस देवघर पहुंची।...

Read More