मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां

NEWS SAGA DESK

सीवान :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “12 साल बेमिसाल” अभियान के तहत शनिवार को सीवान में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

इस अवसर पर पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं बक्सर विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई विकास यात्रा ने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी है। जनता के विश्वास के कारण नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश की सेवा कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।

आनंद मिश्रा ने प्रधानमंत्री जन धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी योजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत भारत डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है और 5जी नेटवर्क देश के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस, मेट्रो रेल, एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्गों और उड़ान योजना ने देश की कनेक्टिविटी को नई गति दी है। वहीं आत्मनिर्भर भारत अभियान, पीएलआई योजना और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे प्रयासों से भारत विनिर्माण क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत मोबाइल निर्माण और तकनीकी उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक तथा आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कदमों ने देश की सुरक्षा को मजबूत किया है। रक्षा उत्पादन और ब्रह्मोस मिसाइल जैसे उत्पादों के निर्यात से भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प जल्द साकार होगा और भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपनी भूमिका और मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में सच्चिदानंद राय ने भी केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में हुए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नन्दप्रसाद चौहान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Read More News

Read More