उपायुक्त ने किया कोषांगों का गठन, शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर
रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री एवं मंत्रिपरिषद् के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह को लेकर, उपायुक्त रांची, वरुण रंजन ने कोषांगों का गठन कर पदाधिकारी एवं सहयोगी पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सभी आवश्यक तैयारी ससमय पूरा करने का निर्देश भी दिया गया। इस बैठक में जिला के तमाम आला अधिकारी व पदाधिकारी उपस्थित थे। 28 नवम्बर को होने वाले कार्यक्रम की व्यापकता को देखते हुए कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू रूप से आयोजन के लिए समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित सभागार में आवश्यक बैठक हुई।
धनबाद में विधानसभा चुनाव संपन्न कराने आए आईटीबीपी जवान ने गोली मारकर की आत्महत्या
धनबाद, 26 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव संपन्न कराने बटालियन के साथ सिक्किम से धनबाद आए आईटीबीपी के जवान ने बलियापुर स्थित बीबीएम कॉलेज परिसर में बने कैम्प में खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली है। मृत जवान की पहचान रुद्रप्रयाग उत्तराखंड निवासी संदीप कुमार सिंह (29) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब आठ बजे बीबीएम कॉलेज परिसर में बना अस्थायी कैंप गोली चलने से गूंज उठा। गोली की आवाज केंप में स्थित संदीप कुमार सिंह के कमरे से आई थी। बताया जाता है कि उस वक्त संदीप कमरे में अकेला था। गोली की आवाज पर वहां रह रहे बटालियन के अन्य जवान कमरे में पहुंचे, तो वहां संदीप को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया। साथी जवानों ने तत्काल उसे लेकर बलियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेज दिया। एसएनएमएमसीएच जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की पुष्टि करते हुए धनबाद के सिटी एसपी अजित कुमार ने बताया कि चुनाव कार्य में धनबाद आए आईटीबीपी के जवान संदीप कुमार सिंह ने खुद को अपने सर्विस राइफल से गोली मार ली है, जिससे उसकी मौत हो गई है। फिलहाल, आगे की कार्रवाई की जा रही है।