CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा आज से, पहली परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य

News Saga Desk

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी यानी आज से शुरू हो गई है। परीक्षा से पहले बोर्ड ने छात्रों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि सभी विद्यार्थियों का पहली परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है।

 

परीक्षा से पहले CBSE ने सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों को शुभकामनाएं दीं। बोर्ड ने कहा कि अब तक की गई तैयारी और रिवीजन को बेहतर प्रदर्शन में बदलने का समय है और छात्रों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देनी चाहिए।

दूसरी परीक्षा में सीधे बैठने की अनुमति नहीं

बोर्ड का यह निर्देश उन अनुरोधों के बाद आया है, जिनमें कुछ छात्रों ने विशेष परिस्थितियों का हवाला देते हुए पहली परीक्षा छोड़कर दूसरी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मांगी थी। वर्ष 2026 से CBSE ने कक्षा 10वीं के लिए साल में दो बार बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था लागू की है।

हालांकि, परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि दो परीक्षा प्रणाली का मतलब यह नहीं है कि छात्र पहली परीक्षा छोड़कर सीधे दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। सभी छात्रों के लिए पहली परीक्षा में भाग लेना जरूरी होगा।

अनुपस्थित रहने पर अगली मुख्य परीक्षा देनी होगी

CBSE के अनुसार, जो छात्र पहली परीक्षा में विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषा जैसे मुख्य विषयों में कम से कम तीन विषयों की परीक्षा नहीं देंगे, उन्हें दूसरी परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी। ऐसे छात्रों को “अनिवार्य पुनरावृत्ति” श्रेणी में रखा जाएगा और उन्हें अगले वर्ष फरवरी में आयोजित मुख्य परीक्षा में शामिल होना होगा।

सुधार के लिए मिलेगा दूसरा मौका

वहीं, जो छात्र पहली परीक्षा में शामिल होते हैं और अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं, उन्हें दूसरी परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाएगा। छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषा में से किसी भी तीन विषयों में सुधार परीक्षा दे सकते हैं।

CBSE ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार समय पर केंद्र पर पहुंचें और पहली बोर्ड परीक्षा को गंभीरता से लें। बोर्ड का कहना है कि दो-परीक्षा प्रणाली का उद्देश्य छात्रों को बेहतर अवसर प्रदान करना है, न कि पहली परीक्षा से अनुपस्थित रहने की छूट देना।

 

Read More News

विदेश में उच्च शिक्षा में झारखंड के छात्रों का परचम लहराने का लक्ष्य, CM हेमंत सोरेन ने स्कॉलर्स का किया स्वागत

रांची। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विदेश में उच्च...

Read More