News Saga Desk
जमशेदपुर के मुसाबनी स्थित सेंट्रल ट्रेनिंग सेंटर (CTC) परिसर में शुक्रवार देर रात अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई। सड़क दुर्घटना में घायल हुए जवानों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से नाराज जवानों ने करीब एक घंटे तक परिसर में जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, सीटीसी मुसाबनी में प्रशिक्षण ले रहे जवानों को खरसावां में आयोजित एक कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए भेजा गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी जवान बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार रात करीब 11 बजे पोटका थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एक हाईवा ने जवानों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार 15 से 20 जवान आंशिक रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद जवानों ने तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना दी। काफी देर बाद सीटीसी मुसाबनी से एक बस घटनास्थल पर भेजी गई, जिसके जरिए सभी घायल जवानों को वापस सीटीसी परिसर लाया गया। जवानों को उम्मीद थी कि परिसर पहुंचते ही उन्हें प्राथमिक उपचार मिलेगा, लेकिन इलाज को सुबह तक टाल दिए जाने से उनका गुस्सा भड़क उठा।
इलाज में देरी से आक्रोशित जवानों ने रात करीब 12 बजे सीटीसी परिसर के भीतर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने वरीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे की जानकारी देने के बावजूद न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही उनकी स्थिति की सुध ली गई।
करीब एक घंटे तक चले हंगामे और तनावपूर्ण माहौल के बाद वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित हुई। इसके बाद आनन-फानन में सभी घायल जवानों को एक बस के माध्यम से जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।
No Comment! Be the first one.