News Saga Desk
झारखंड | Chatra जिले में बकरीद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी।
शनिवार को समाहरणालय सभा कक्ष में ईद-उल-जुहा (बकरीद) 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, पानी और ट्रैफिक व्यवस्था समेत विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीसी ने कहा- भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार
बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त Ravi Anand ने की। उन्होंने कहा कि ईद-उल-जुहा आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
डीसी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने और संवेदनशील इलाकों में जरूरत पड़ने पर फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि जिले में कहीं भी तनाव की स्थिति पैदा न हो।
सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर
बैठक में पुलिस अधीक्षक Animesh Nathani ने कहा कि बकरीद के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और अगर कोई व्यक्ति भ्रामक, भड़काऊ या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट शेयर करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने लोगों से अपील की कि बिना सत्यापन किसी भी पोस्ट को फॉरवर्ड न करें, क्योंकि छोटी अफवाहें भी बड़ा तनाव पैदा कर सकती हैं।
संदिग्ध पोस्ट दिखे तो तुरंत दें सूचना
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि अगर किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई संदिग्ध या भड़काऊ पोस्ट दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत स्थानीय थाना या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन का कहना है कि अफवाह फैलाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और साइबर टीम भी एक्टिव मोड में है।
संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से होगी निगरानी
एसपी अनिमेश नथानी ने बताया कि जिले के संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
साफ-सफाई और अपशिष्ट निष्पादन पर जोर
बैठक में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए। उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि मांस, मछली और मुर्गा विक्रेता अपशिष्ट सामग्री का निष्पादन सिर्फ तय स्थानों पर ही करें।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जगहों, सड़कों या नालियों में अपशिष्ट फेंकने से विवाद की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा जानवर इन अवशेषों को इधर-उधर ले जाते हैं, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी और जनप्रतिनिधि
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ जहूर आलम, डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह समेत कई अधिकारी, थाना प्रभारी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बकरीद के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.