जमशेदपुर में NH हाईवे पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत की खबर है। हादसे के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बाबूलाल मरांडी, कल्पना सोरेन, चंपाई सोरेन और अर्जुन मुंडा समेत कई नेताओं ने शोक जताया
NEWS SAGA DESK:
जमशेदपुर में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने झारखंड को झकझोर कर रख दिया। NH हाईवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत की खबर है। हादसे की जानकारी सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
तृषा सिंह के निधन की खबर मिलते ही झारखंड के कई नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, चंपाई सोरेन और अर्जुन मुंडा समेत कई नेताओं ने शोक जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।
CM हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार में उनकी साथी मंत्री और बहन दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों के निधन की खबर से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे होता है। मुख्यमंत्री ने इस बेहद कठिन समय में दीपिका पांडेय सिंह और सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
बाबूलाल मरांडी ने जताया दुख

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में सड़क दुर्घटना में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के असामयिक निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में संतान का चले जाना माता-पिता के लिए ऐसी पीड़ा है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। बाबूलाल मरांडी ने दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
कल्पना सोरेन ने भी जताया शोक

गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी जमशेदपुर NH हाईवे पर हुए हादसे में तृषा सिंह समेत अन्य लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
संजय प्रसाद यादव ने जताया दुख

मंत्री संजय प्रसाद यादव ने तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह खबर बेहद पीड़ादायक है और दीपिका पांडेय सिंह तथा उनके पूरे परिवार के लिए यह अत्यंत कठिन समय है।
दीपक बिरुआ ने जताया दुख

मंत्री दीपक बिरुआ ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संतान को खोने की पीड़ा किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय होती है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
चंपाई सोरेन ने भी जताया शोक

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने हादसे में दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय से गुजरने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अर्जुन मुंडा ने भी जताया शोक

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी तृषा सिंह के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति देने और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मानगो मेयर सुधा गुप्ता अस्पताल पहुंचीं

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मानगो की मेयर सुधा गुप्ता पहले सोनारी थाना पहुंचीं और इसके बाद एमजीएम अस्पताल गईं। उन्होंने तृषा सिंह समेत हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के निधन पर गहरा दुख जताया। सुधा गुप्ता ने कहा कि यह परिवार के लिए बेहद असहनीय क्षण है। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
हादसे के बाद शोक की लहर
जमशेदपुर में हुए इस हादसे की खबर सामने आने के बाद पूरे झारखंड में शोक का माहौल है। राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
No Comment! Be the first one.