News Saga Desk
रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ट्रिपल आईटी, रांची में पीएचडी के लिए चयनित आदिवासी छात्रा सविता कच्छप ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें पीएचडी में चयनित होने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्य सरकार की ओर से सविता कच्छप की पीएचडी की पढ़ाई को प्रोत्साहित करने के लिए दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक उनके परिजन को सौंपा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा और शोध कार्य में हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
सविता कच्छप ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह रांची के अरगोड़ा स्थित डूंगरी टोली की निवासी हैं और वर्तमान में मधुकम स्थित अपनी नानी के घर रहकर अध्ययन कर रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 24 वर्ष की उम्र में ट्रिपल आईटी, रांची के इलेक्ट्रिक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में पीएचडी के लिए चयनित होकर वह आदिवासी समुदाय की सबसे कम उम्र की अभ्यर्थी बनी हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि वह तकनीकी क्षेत्र में पहली ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर हैं और IEEE जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना नॉवेल रिसर्च वर्क प्रस्तुत कर चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें पूरे मन से शोध कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार भविष्य में भी हर स्तर पर सहयोग देती रहेगी। इस अवसर पर सविता कच्छप के परिजन और अन्य लोग भी मौजूद थे।
No Comment! Be the first one.