CM हेमंत सोरेन ने सात वर्षीय तैराक इशांक सिंह को किया सम्मानित, 5 लाख रुपये का चेक भेंट

News Saga Desk

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची के सात वर्षीय बाल तैराक Ishank Singh से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए 5 लाख रुपये का चेक, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पाल्क स्ट्रेट पार कर बनाया विश्व रिकॉर्ड

गौरतलब है कि रांची के युवा तैराक इशांक सिंह ने 30 अप्रैल 2026 को लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरते हुए भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट को पार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। लगभग 29 किलोमीटर लंबी इस समुद्री दूरी को तय कर इशांक ने देश और राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में इशांक सिंह का यह प्रदर्शन अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इशांक भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

खेल प्रतिभाओं को हरसंभव मदद देगी सरकार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर खेल नीति के तहत काम कर रही है। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में तैराकी प्रशिक्षण और सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य योजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इशांक सिंह जैसे प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

माता-पिता और कोच को भी किया सम्मानित

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इशांक सिंह के माता-पिता और कोच को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री Sudivya Kumar, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम समेत कई अधिकारी और तैराकी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Read More News

वियतनाम से रांची पहुंचा योग शिक्षक राजा वर्मा का पार्थिव शरीर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर...

Read More