रांची में आयोजित MedTech Innovation Day कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने District Sandbox पहल का शुभारंभ किया। यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में AI, मेडटेक नवाचार, स्टार्टअप्स और नई तकनीकों के परीक्षण एवं विस्तार को बढ़ावा देगी।
News Saga Desk
रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक और नवाचार के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भारतीय विकास ट्रस्ट (BVT) और PHIA फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित ‘MedTech Innovation Day’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ‘District Sandbox’ पहल का औपचारिक शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य क्षेत्र में विकसित नई तकनीकों और नवाचारों का वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण, मूल्यांकन और व्यापक उपयोग सुनिश्चित करना है।
‘District Sandbox’ के माध्यम से स्वास्थ्य तकनीक विकसित करने वाले इनोवेटर्स, स्टार्टअप्स और शोधकर्ताओं को सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली के भीतर अपने समाधानों का परीक्षण करने का अवसर मिलेगा। इससे तकनीकी समाधानों की प्रभावशीलता का आकलन किया जा सकेगा और उन्हें बड़े स्तर पर लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस पहल का विशेष फोकस ग्रामीण, जनजातीय और वंचित समुदायों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड नवाचार और तकनीकी विकास के लिए अपार संभावनाओं वाला राज्य है। उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक और नवाचार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार की प्राथमिकता है कि दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बायो-इंजीनियरिंग और रियल-टाइम डेटा भविष्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देंगे। उन्होंने कार्यक्रम में प्रदर्शित विभिन्न स्वास्थ्य तकनीकों की सराहना की और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्य कर रहे स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और इनोवेटर्स को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने IIT धनबाद के पूर्व छात्रों द्वारा विकसित बिना फिल्म वाली पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीन का भी अवलोकन किया। यह तकनीक दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों की संख्या में वृद्धि, एमबीबीएस एवं पीजी सीटों के विस्तार और डॉक्टरों की नियुक्ति को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार नए मॉडल पर कार्य कर रही है।
डॉ. अंसारी ने एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और प्रस्तावित एआई कॉन्फ्रेंस का भी उल्लेख किया। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में 745 ‘अबुआ मेडिकल स्टोर’ खोलने की योजना पर भी काम किया जा रहा है, जिससे लोगों को सस्ती और सुलभ दवाएं उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों, सरकारी अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, इनोवेटर्स और विकास क्षेत्र से जुड़े साझेदारों ने भाग लिया। इस दौरान दो महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं, जिनमें सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली के लिए मेडटेक समाधान विकसित करने और सरकार, शोध संस्थानों तथा निजी क्षेत्र के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
पीएचआईए फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक जॉनसन टोपनो ने कहा कि ‘District Sandbox’ सरकार, समुदाय और इनोवेटर्स को एक साझा मंच पर लाकर स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान विकसित करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल झारखंड में स्वास्थ्य नवाचारों को तेजी से अपनाने और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि ‘District Sandbox’ झारखंड के स्वास्थ्य नवाचार इकोसिस्टम को मजबूत करेगा और नई तकनीकों को प्रयोगशाला से निकालकर सीधे आम लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
No Comment! Be the first one.