News Saga Desk
रांची। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे झारखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. रेजिना हांसदा (University of Edinburgh, UK), डॉ. रिचर्ड टोप्पो (Oxford University, PhD, International Institute of Social Studies), माधुरी खलखो (PhD, School of Oriental and African Studies, UK), रूबी हेंब्रम (PhD, London School of Economics, UK) और नोलीना मिंज (University of St. Andrews, UK) ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।

छात्रों ने मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा के दौरान मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा परदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले राज्य के छात्रों से मुलाकात को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से झारखंड के बच्चों में नई ऊर्जा का संचार हुआ और राज्य का मान-सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि योजना का उद्देश्य 2050 तक अधिक से अधिक छात्रों को विदेश में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के अवसर उपलब्ध कराना है। वर्तमान में प्रतिवर्ष 25 छात्र इस योजना का लाभ उठा रहे हैं और सरकार इस संख्या को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने स्कॉलर्स को शुभकामनाएं दीं और राज्य के आदिवासी बच्चों को शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा के अवसर देकर राज्य का गौरव बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।
यह बैठक राज्य सरकार की शिक्षा के प्रति दूरदर्शी सोच और आदिवासी युवाओं को वैश्विक मंच पर अवसर उपलब्ध कराने की पहल का प्रतीक रही।
No Comment! Be the first one.