संजू सैमसन की नाबाद पारी के फैन हुए कोच गौतम गंभीर, कहा संजू ने दिखाई काबिलियत की झलक

News Saga Desk

भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की पारी की जमकर सराहना की है। गंभीर ने इसे संजू की असली काबिलियत की झलक बताया, जिस पर टीम मैनेजमेंट ने हमेशा भरोसा जताया था।

ईडन गार्डन्स पर चमके संजू

कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेली गई इस मुकाबले में संजू सैमसन ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाकर भारत को 5 विकेट से शानदार जीत दिलाई। 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जब भारतीय टीम दबाव में थी, तब संजू ने जिम्मेदारी संभाली और अंत तक टिके रहकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया।

मैच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए गंभीर ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब फॉर्म और उठ रहे सवालों का जवाब संजू ने अपने बल्ले से दिया है। उन्होंने कहा, हम सभी जानते हैं कि संजू एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं। सवाल बस उन्हें सपोर्ट करने और उन पर भरोसा बनाए रखने का था। आज जब टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब उन्होंने अपनी असली ताकत दिखाई।

गंभीर ने उम्मीद जताई कि यह पारी संजू के लिए नई शुरुआत साबित होगी और वह सेमीफाइनल और फाइनल में भी इसी लय को बरकरार रखेंगे। उन्होंने कहा कि टीम मैनेजमेंट को हमेशा से उनकी प्रतिभा पर भरोसा था।

कोच गंभीर संजू के खेलने के तरीके से खासे प्रभावित दिखे। उन्होंने बताया कि संजू ने कहीं भी जबरदस्ती रन बनाने की कोशिश नहीं की, बल्कि साधारण क्रिकेट शॉट्स खेलते हुए टाइमिंग पर भरोसा किया। नेट्स में भी वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और मैच में उसी लय को दोहराया।

गंभीर ने कहा कि लोग आंकड़ों को देखकर सवाल उठाते रहेंगे, लेकिन टीम में वापसी कर इस तरह की पारी खेलना किसी भी खिलाड़ी के आत्मविश्वास को कई गुना बढ़ा देता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज भले ही कठिन रही हो, लेकिन टीम को उनकी क्षमता पर कभी संदेह नहीं था।

Read More News

Read More