झारखंड में शीतलहर का कहर, कई जिलों में पारा लुढ़का, 8 जनवरी तक ठंड से राहत नहीं

News Saga Desk

पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के साथ चल रही सर्द हवाओं का असर झारखंड में भी साफ दिख रहा है। राज्य के कई जिले इन दिनों शीतलहर की चपेट में हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को राज्य के 11 जिलों-पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम-में शीतलहर चलने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 8 से 11 जनवरी के बीच रांची समेत कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे कुहासा बना रहेगा। इससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 8 जनवरी को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में एक बार फिर शीतलहर चलने के आसार हैं।

मंगलवार को राज्य के 15 जिलों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। सुबह और रात के समय घना कोहरा और कनकनी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने पहले ही 8 जनवरी 2026 तक सभी श्रेणी के स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

तापमान की बात करें तो मंगलवार को गुमला में सबसे कम 2.2 डिग्री सेल्सियस, कांके में 2.5 डिग्री, खूंटी में 3.7 डिग्री, रांची में 7.2 डिग्री और मेदिनीनगर में 4.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। घने कोहरे के कारण मेदिनीनगर में दृश्यता 300 मीटर, देवघर में बेहद कम और रांची में 600 से 700 मीटर के बीच रही। खराब दृश्यता के चलते हवाई सेवाएं भी प्रभावित रहीं।

अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा-जमशेदपुर 9.3, पाकुड़ 6.5, बोकारो 6.7, धनबाद 7.0, चाईबासा 7.4, दुमका 6.0, लोहरदगा 3.9, गिरिडीह 6.0, लातेहार 6.9, रामगढ़ 6.0, सरायकेला 6.8 और सिमडेगा 6.0 डिग्री सेल्सियस।

Read More News

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More