झारखंड में शीतलहरी का कहर: रांची समेत 4 जिलों में अलर्ट, 12 जिलों में घना कोहरा

News Saga Desk

रांची: उत्तर भारत में लगातार हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से झारखंड एक बार फिर कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। राजधानी रांची सहित चार जिलों में शीतलहरी चलने की संभावना जताई गई है, जबकि राज्य के 12 जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 31 दिसंबर को रांची, गुमला, लोहरदगा और खूंटी में शीतलहरी का असर रहेगा। वहीं, गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि, अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना भी जताई गई है।

बीते 24 घंटों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को रांची का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन में 1.8 डिग्री की गिरावट को दर्शाता है। राज्य में सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रांची के ग्रामीण क्षेत्र कांके में पारा 4.4 डिग्री तक पहुंच गया।

सुबह और शाम के समय ठंड और कनकनी बढ़ गई है, जबकि दिन में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

कोहरे से विजिबिलिटी में भारी कमी

घने कोहरे के कारण मंगलवार सुबह मेदिनीनगर में दृश्यता घटकर 300 मीटर रह गई। जमशेदपुर में विजिबिलिटी 600 मीटर और देवघर में 650 मीटर दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि 31 दिसंबर को राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है।

लगभग सभी जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे

राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। जमशेदपुर में 8.6 डिग्री, बोकारो में 7.1 डिग्री, खूंटी में 3.7 डिग्री, लोहरदगा में 4.6 डिग्री, कोडरमा में 8.0 डिग्री, हजारीबाग में 9.0 डिग्री, सरायकेला में 7.1 डिग्री, सिमडेगा में 6.4 डिग्री, रामगढ़ में 8.0 डिग्री, चतरा में 7.0 डिग्री और गिरिडीह में 8.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने वाहन चालकों और आम लोगों को घने कोहरे और शीतलहरी के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

Read More News

Read More