राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की हार, प्रदेश प्रभारी के राजू ने राजद और माले पर लगाया धोखे का आरोप

NEWS SAGA DESK

रांची :- झारखंड में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा है। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस ने अपनी हार के लिए महागठबंधन के सहयोगी दलों पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने आरोप लगाया कि राजद और माले के समर्थन नहीं मिलने के कारण पार्टी उम्मीदवार को पर्याप्त वोट नहीं मिल सके।

राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम और निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी विजयी रहे। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को पराजय का सामना करना पड़ा।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मीडिया से बातचीत में के राजू ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के सभी विधायकों ने कांग्रेस का समर्थन किया, लेकिन राजद और माले के अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने से पार्टी उम्मीदवार हार गए। उन्होंने इसे सहयोगी दलों की ओर से धोखा बताया।

उधर, परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस खेमे में मायूसी देखी गई। मतगणना स्थल पर भाजपा नेताओं और विधायकों द्वारा जीत के नारे लगाए जाने के बीच कांग्रेस नेता वहां से निकलते नजर आए।

हार स्वीकार करते हुए प्रणव झा ने कहा कि लोकतंत्र में जीत और हार दोनों प्रक्रिया का हिस्सा हैं। उन्होंने उन्हें समर्थन देने वाले सभी विधायकों का आभार व्यक्त किया और विजयी उम्मीदवारों बैद्यनाथ राम तथा परिमल नाथवानी को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों निर्वाचित सदस्य राज्य के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।

राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए मतदान में बैद्यनाथ राम को 30 वोट, परिमल नाथवानी को 28 वोट और प्रणव झा को 20 वोट मिले। वहीं तीन विधायकों के मत अवैध घोषित किए गए। चुनाव परिणाम के बाद महागठबंधन के भीतर राजनीतिक हलकों में क्रॉस वोटिंग और सहयोगी दलों की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Read More News

आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले का आरोपी पुलिस हिरासत से भागा, मांडर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम...

Read More