NEWS SAGA DESK
हजारीबाग पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ठगी और ब्लैकमेलिंग करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र से इस गिरोह के छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जो यूपीआई के माध्यम से लोगों से 500 से 1000 रुपये की ठगी कर बाद में उन्हें ब्लैकमेल करते थे।
यह कार्रवाई प्रतिबिंब एप पर दर्ज शिकायत और तकनीकी शाखा से प्राप्त इनपुट के आधार पर की गई। विष्णुगढ़ एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि गिरोह थाना क्षेत्र के भेलवारा इलाके के आसपास सक्रिय था। आरोपी फर्जी वेबसाइटों पर एस्कॉर्ट सर्विस के विज्ञापन डालते थे और संपर्क करने पर पीड़ितों से पहले छोटी रकम ट्रांसफर करवा लेते थे। इसके बाद फोटो और कॉल रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल कर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था।
तकनीकी जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन इसी इलाके में मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने विष्णुगढ़–हजारीबाग रोड स्थित इंटर कॉलेज के पास देर रात करीब एक बजे एक कार को रोका, जिसमें सवार सभी छह लोग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए।
पूछताछ में आरोपियों के साइबर ठगी गिरोह से जुड़े होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने इनके पास से एक कार, 12 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, 10 डेबिट कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
No Comment! Be the first one.