NEWS SAGA DESK
रांची :- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसरोकार अभियानों और पार्टी की भविष्य की कार्ययोजना को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। इसमें राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत और जनसंपर्क आधारित बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया झारखंड दौरे के दौरान मिले मार्गदर्शन और निर्देशों के अनुपालन के लिए प्रदेश भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व से मिले संगठनात्मक दिशा-निर्देशों के बाद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नया उत्साह दिखाई दे रहा है।
बाउरी ने बताया कि संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ, जिला और प्रदेश स्तर पर नियमित मासिक बैठकों की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में प्रत्येक माह की 15 तारीख को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सोमवार को इस श्रृंखला की पहली बैठक हुई, जिसमें पिछले एक महीने के कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्यभर में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास होगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रमों को और व्यापक बनाया जाएगा। भाजपा किसान मोर्चा राज्य के प्रत्येक जिले में जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए संगोष्ठियों का आयोजन करेगा, जिनमें किसानों को आधुनिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। विभिन्न जिलों में स्मरण सभाएं, संगोष्ठियां और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही 25 जून को भारतीय आपातकाल की वर्षगांठ पर लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा इस अवसर पर आपातकाल को लोकतंत्र पर हुए बड़े प्रहार के रूप में याद करते हुए विभिन्न कार्यक्रम संचालित करेगी।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के हालिया झारखंड दौरे, हाल में संपन्न प्रशिक्षण वर्ग और केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर चल रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई। साथ ही आगामी एक माह के लिए विस्तृत संगठनात्मक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।
No Comment! Be the first one.