News Saga Desk
धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में ‘हर घर जल’ प्रतिवेदित ग्राम पंचायतों में जल सेवा आकलन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी ग्राम पंचायतों में कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन और जलापूर्ति से जुड़े आंकड़ों को ग्रामसभा से अनुमोदित कर ई-स्वराज पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए।
डीसी ने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता के लिए आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। इसके लिए संबंधित मुखिया, पंचायत सचिव, जल सहिया और पेयजल विभाग के कनीय अभियंता संयुक्त रूप से गांवों का सर्वे करें और तय समय-सीमा के भीतर सही व सत्यापित जानकारी एकत्रित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पंचायत सचिव की लॉगिन आईडी से ही डेटा पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
बैठक के दौरान पेयजल प्रमंडल-1 एवं 2 के कार्यपालक अभियंता और जल जीवन मिशन के जिला समन्वयक ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में चल रही जलापूर्ति योजनाओं और अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
इस समीक्षा बैठक में सभी संबंधित बीडीओ, जिला समन्वयक, कनीय व सहायक अभियंता, मुखिया, पंचायत सचिव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी से समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया।
No Comment! Be the first one.