आय से अधिक संपत्ति मामला: गिरिडीह में टाटा मोटर्स शोरूम सील, एसीबी की बड़ी कार्रवाई

News Saga Desk

गिरिडीह में आय से अधिक संपत्ति मामले को लेकर झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बोड़ो स्थित टाटा मोटर्स के शोरूम मोटोजेन को सील कर दिया है। यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई। इससे पहले मंगलवार देर शाम एसीबी की टीम ने गिरिडीह के अलावा धनबाद, कोडरमा, रांची, देवघर समेत कई जिलों में स्थित टाटा मोटर्स शोरूम पर एक साथ छापेमारी की थी।

एसीबी की छापेमारी के दौरान शोरूम से जुड़े वित्तीय लेन-देन, आयकर रिटर्न और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में बुधवार को एसीबी की टीम दोबारा शोरूम पहुंची और उसे सील कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल शोरूम के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।

बताया गया है कि जिन टाटा मोटर्स शोरूम पर कार्रवाई हुई है, उनकी मालकिन और डायरेक्टर स्निग्धा सिंह हैं, जो आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के करीबी सहयोगी विनय सिंह की पत्नी हैं। एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति के इस मामले में आईएएस विनय चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह, विनय चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी और साली प्रियंका त्रिवेदी सहित अन्य को आरोपी बनाया है।

एसीबी का आरोप है कि पद का दुरुपयोग कर आईएएस विनय कुमार चौबे ने करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की, जिसे उन्होंने अपने सहयोगी विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के माध्यम से विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों में निवेश किया। जांच में यह भी सामने आया है कि टाटा मोटर्स शोरूम में इस काले धन का बड़ा हिस्सा लगाया गया। फिलहाल एसीबी पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Read More News

SRI ग्रामीण औद्योगीकरण संस्थान का 42वाँ स्थापना दिवस संपन्न: स्वरोजगार और हुनर से बदली ग्रामीण झारखंड की तस्वीर

रांची : ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था SRI ग्रामीण औद्योगीकरण...

चाईबासा में हाथियों का आतंक: महिला पुजारी को कुचलकर मार डाला, 3 महीनों में 25 लोगों की जा चुकी है जान

चाईबासा: झारखंड के चाईबासा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला...

Read More