News Saga Desk
हजारीबाग स्थित झारखंड पुलिस अकादमी में बुनियादी प्रशिक्षण (बेसिक ट्रेनिंग) ले रहे चार डीएसपी अधिकारियों में से दो अंतिम परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो गए हैं। ये अधिकारी केस के ट्रायल, कोर्ट मैनेजमेंट और फायरिंग जैसे अहम विषयों में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर सके।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता की बैकलॉग परीक्षा के माध्यम से सीधी नियुक्ति पाए चार डीएसपी का झारखंड पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण चल रहा था। प्रशिक्षण के तहत सेमेस्टर-2 की अंतिम परीक्षा 9 सितंबर से 11 अक्टूबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी।
परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। बाह्य विषयों के लिए मुख्य परीक्षक द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर परिणाम तैयार कर प्रकाशित किया गया। जारी परीक्षाफल में चार में से दो डीएसपी उत्तीर्ण घोषित किए गए, जबकि दो अधिकारी विभिन्न विषयों में असफल रहे।
परीक्षा में सफल घोषित किए गए डीएसपी अधिकारियों में रामलखन वर्णवाल और बिरजू कुमार मेहता शामिल हैं। वहीं, अनुत्तीर्ण होने वाले अधिकारियों में अमित कुमार, जो केस की सुनवाई, कोर्ट मैनेजमेंट और फायरिंग विषय में फेल हुए, तथा मृत्युंजय गोप, जो बीएनएस, मैनेजमेंट कॉन्सेप्ट और फायरिंग विषय में असफल रहे।
सूत्रों के अनुसार, अनुत्तीर्ण डीएसपी अधिकारियों के आगे के प्रशिक्षण और पुनर्परीक्षा को लेकर निर्णय अकादमी स्तर पर लिया जाएगा।
No Comment! Be the first one.