News Saga Desk
पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए किशनगंज के डीएसपी गौतम कुमार और सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार के कुल 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। दोनों अधिकारियों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं।
जानकारी के अनुसार, किशनगंज के डीएसपी गौतम कुमार ने अपनी महिला मित्र शगूफ्ता खातून के नाम पर कई भूखंड खरीदे थे। बाद में इन भूखंडों को उनकी महिला मित्र द्वारा डीएसपी के बेटों के नाम गिफ्ट कर दिया गया। इस पूरे लेनदेन को लेकर जांच एजेंसियों को संदेह हुआ, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
वहीं, सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार के सहरसा और मुजफ्फरपुर स्थित छह ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की जा रही है। उनके खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई ने आय से 78 प्रतिशत से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है।
EOU को दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की गुप्त सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद निगरानी की विशेष अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल दोनों अधिकारियों के 12 अलग-अलग ठिकानों पर अलग-अलग टीमों द्वारा तलाशी जारी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि डीएसपी गौतम कुमार ने अपने ज्ञात आय से लगभग 1 करोड़ 94 लाख 9 हजार 244 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी आय से करीब 60.27 प्रतिशत अधिक है। इसी आधार पर पटना, पूर्णिया और किशनगंज स्थित उनके छह ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
दूसरी ओर, वैभव कुमार के खिलाफ भी 2 करोड़ 41 लाख 14 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 78.03 प्रतिशत अधिक है। इसी मामले में सहरसा और मुजफ्फरपुर स्थित उनके छह ठिकानों पर EOU की टीमें कार्रवाई कर रही हैं।
आर्थिक अपराध इकाई की यह कार्रवाई राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाती है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
No Comment! Be the first one.