NEWS SAGA DESK
गढ़वा :- गढ़वा जिला समाहरणालय के आपूर्ति विभाग में कार्यरत एक नाजीर पर एक विधवा महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता एक विधवा महिला है और उसके तीन बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि वर्ष 2023 में राशन कार्ड बनवाने के सिलसिले में जिला आपूर्ति कार्यालय जाने के दौरान उसकी मुलाकात नाजीर अजय कुमार से हुई थी। महिला का कहना है कि काम कराने के बहाने अजय कुमार ने उसका मोबाइल नंबर लिया और इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
शादी का वादा कर संबंध बनाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि अजय कुमार ने शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुंभ मेले के दौरान आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर विवाह का आश्वासन दिया था। अब आरोपी शादी से इनकार कर रहा है, जिसके बाद महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को संबंधित कर्मी को उसके मूल विभाग वापस भेजने तथा विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है।
कंप्यूटर ऑपरेटर पर भी आरोप
महिला ने जिला आपूर्ति कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार पर भी गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। हालांकि अनिल कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि मामले से संबंधित पत्र उपायुक्त को भेज दिया गया है और प्रशासनिक निर्देश प्राप्त होते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.