News Saga Desk
अगरतला/इम्फाल। देश के पूर्वोत्तर राज्यों में 29 मई को मानसून ने दस्तक दी थी। 5 दिन बीतने के बाद भी मानसून वहीं ठहरा हुआ है। इसके चलते मणिपुर, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम और सिक्किम में तेज बारिश हो रही है। आज MP-राजस्थान समेत 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट है।
नॉर्थ-ईस्ट राज्यों में बाढ़-लैंडस्लाइड से अब तक 36 लोगों की मौत हो चुकी है। असम के 22 जिलों में 5.35 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और अब तक 11 लोगों की मौत हुई है। 15 नदियां उफान पर हैं। सड़क, रेल और बोट सर्विस प्रभावित है। कुल 165 राहत शिविरों में 31 हजार 212 लोग ठहराए गए हैं।
उत्तरी सिक्किम के लाचेंग-चुंगथांग कस्बों में लैंडस्लाइड के कारण फंसे 1678 टूरिस्ट्स रेस्क्यू किए गए। इसमें 36 लोगों को NDRF की टीम ने हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू किया। 100 से ज्यादा अभी भी यहां फंसे हैं। मंगन जिले में बाढ़ को आपदा घोषित किया गया है। 31 मई की शाम जिले के छातेन में मिलिट्री कैंप पर लैंडस्लाइड में 3 जवानों की मौत हुई थी। लापता 6 जवानों की तलाश जारी है। इधर, बिहार के सीवान में सोमवार को आंधी-बारिश के बाद दीवार-पेड़ गिरने से अलग-अलग इलाकों में 2 महिलाओं समेत 7 लोगों की मौत हो गई। जयपुर में भी दीवार गिरने से एक महिला की जान चली गई। वहीं, मध्य प्रदेश के 38 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट है।
पूर्वोत्तर राज्यों में हालात
त्रिपुरा: बाढ़ के हालात में सुधार हुआ है। नदियां खतरे के निशान से नीचे हैं। राज्य के बाढ़ प्रभावित जिलों में 66 राहत शिविर खोले गए हैं, यहां 2926 परिवारों को 10800 से ज्यादा लोग मौजूद हैं। पश्चिमी त्रिपुरा जिले में सबसे अधिक ज्यादा 50 राहत शिविर हैं। राज्य में 219 घर बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य के 5 जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी है।
अरुणाचल प्रदेश: एयरफोर्स ने सोमवार को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। प्रदेश के निचली घाटी दिबांग में बोमजीर नदी में फंसे 14 व्यक्तियों को बचाया गया। वायुसेना के मुताबिक असम और अरुणाचल प्रदेश में एमआई-17 हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बाढ़ग्रस्त इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा है।
मणिपुर: बाढ़ से 56,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से 10,477 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। सोमवार को इंफाल ईस्ट में एक व्यक्ति नदी में बह जाने के बाद लापता हो गया। प्रभावित क्षेत्रों से 2,913 लोगों को निकाला गया है।
मेघालय: राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड, कीचड़ और चट्टान गिरने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसके कारण राजधानी आइजोल में मंगलवार को लगातार चौथे दिन सभी स्कूल बंद रहे। आइजोल में मंगलवार सुबह भी भारी बारिश हुई।
पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़-लैंडस्लाइड की तस्वीरें

मणिपुर: फायर सर्विस, असम राइफल्स, SDRF, NDRF और भारतीय सेना के जवान इंफाल ईस्ट में फंसे लोगों का रेस्क्यू कर रहे हैं।

असम: भारी बारिश के कारण श्रीभूमि जिले में आई भीषण बाढ़ के कारण लोगों का बचाव कार्य जारी है। कई इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है।

मणिपुर: इंफाल ईस्ट जिले के वांगखेई, पोरोमपाट में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। राज्य में बाढ़ से 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं।

सिक्किम: मंगलवार सुबह दो MI-17 V5 हेलीकॉप्टरों से चट्टेन में लैंडस्लाइड के बाद फंसे हुए 34 लोगों को निकाला गया।
No Comment! Be the first one.