‘विविधता में एकता’ पर राज्यपाल का बड़ा संदेश, यही है भारत की असली ताकत

News Saga Desk

रांची:झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां अनेक भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और जीवन-पद्धतियां एक साथ विकसित हुई हैं। उन्होंने कहा कि तमाम भिन्नताओं के बावजूद “विविधता में एकता” भारत की सबसे बड़ी शक्ति है, जो देश को मजबूत और समृद्ध बनाती है।

राज्यपाल शनिवार को रांची स्थित लोक भवन में आयोजित पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड में निवास कर रहे पश्चिम बंगाल मूल के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” पहल विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पारस्परिक समझ और भावनात्मक एकता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनी है।

उन्होंने कहा कि “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का माध्यम है। भारत के प्रत्येक राज्य की अपनी अलग पहचान, संस्कृति और परंपरा है, जो मिलकर राष्ट्र की समृद्ध विरासत का निर्माण करती है। विविधताओं को स्वीकार करना और उनका सम्मान करना ही सच्चे राष्ट्र निर्माण का आधार है।

राज्यपाल ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि समाज के सभी वर्ग आपसी सद्भाव, भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की युवा शक्ति और सामाजिक एकजुटता भारत को विकास और प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया।

समारोह में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने स्वागत भाषण देते हुए पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 20 जून 1947 को पश्चिम बंगाल राज्य का गठन हुआ था और यह राज्य सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। उन्होंने झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान की रचना भी बंगाल की ऐतिहासिक देन है।

डॉ. कुलकर्णी ने कहा कि दुर्गा पूजा और काली पूजा जैसे पर्व झारखंड में भी बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाए जाते हैं, जो दोनों राज्यों के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल न केवल सांस्कृतिक बल्कि औद्योगिक और आर्थिक दृष्टि से भी देश के अग्रणी राज्यों में शामिल रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने राज्य और राष्ट्र के विकास में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

Read More News

शिरडी में साईं बाबा के दर्शन कर बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आध्यात्मिक स्थलों से मिलती है प्रेरणा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाराष्ट्र प्रवास के दौरान शिरडी पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार...

Read More