Hockey India Awards 2025: हार्दिक सिंह और नवनीत कौर ‘प्लेयर ऑफ द ईयर’ के लिए नामित

News Saga Desk

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया के 8वें वार्षिक अवॉर्ड्स 2025 में नामांकन मिलने के बाद भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी हार्दिक सिंह और नवनीत कौर ने खुशी जाहिर की है। दोनों खिलाड़ियों ने इसे अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

नई दिल्ली में 27 मार्च को आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित समारोह में हार्दिक सिंह और नवनीत कौर को ‘हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर 2025’ पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इसके अलावा हार्दिक को ‘अजीत पाल सिंह मिडफील्डर ऑफ द ईयर’ और नवनीत को ‘धनराज पिल्लै फॉरवर्ड ऑफ द ईयर’ श्रेणी में भी नामांकन मिला है।

2025 में शानदार प्रदर्शन

साल 2025 दोनों खिलाड़ियों के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। हार्दिक सिंह ने राजगीर (बिहार) में आयोजित हीरो एशिया कप में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नवनीत कौर ने महिला एशिया कप 2025 में छह गोल दागकर टीम को रजत पदक दिलाया और इसी दौरान अपने 200 अंतरराष्ट्रीय मैच भी पूरे किए।

वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स में भी चमकी नवनीत

हैदराबाद में आयोजित एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर्स में नवनीत कौर ने चार गोल कर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीता, जहां भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया।

खिलाड़ियों ने जताई खुशी

हार्दिक सिंह ने कहा कि ऐसे पुरस्कार खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण को पहचान दिलाते हैं, जिससे आगे बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने एशिया कप जीत को अपने करियर का खास पल बताते हुए टीम की एकजुटता की सराहना की।

वहीं नवनीत कौर ने इस नामांकन को अपने लिए गर्व का क्षण बताया और इसके लिए परिवार तथा टीम साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और अनुभव के दम पर वह अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार कर रही हैं।

दोनों खिलाड़ियों ने आगामी एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप और एशियाई खेलों को लेकर उत्साह व्यक्त किया और टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संकल्प दोहराया।

Read More News

Read More