धनबाद में जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे की कर दी हत्या, पुलिस ने बरामद किया हथियार 

News Saga Desk

धनबाद। धनबाद के निरसा के एमपीएल ओपी क्षेत्र के गांगपुर गांव में शनिवार को 2 सगे भाइयों के बीच जमीन और दुकान के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने छोटे भाई की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गयी। घटना शनिवार सुबह की है। जानकारी के अनुसार, मृतक प्रशांत माजी अपनी दुकान पर बैठा था, तभी उसका बड़ा भाई हरमन माजी वहां पहुंचा। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्दी ही हिंसा में बदल गई। गुस्से में आकर हरमन ने पास में रखी लोहे की साबल (रॉड) उठाई और प्रशांत के सिर पर जोरदार वार कर दिया। मौके पर ही प्रशांत की मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच काफी समय से जमीन और दुकान को लेकर विवाद था। मृतक की पत्नी पूजा माजी ने बताया कि कई बार घर में झगड़े होते थे और उन्हें किराए के मकान में शिफ्ट होना पड़ा था। उन्होंने कहा, “डर था कि कुछ अनहोनी हो सकती है, लेकिन ये नहीं सोचा था कि भाई ही जान ले लेगा।” घटना की जानकारी मिलते ही एमपीएल ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है। एसडीपीओ रजत मणिक बाखला ने बताया, “जमीन और दुकान के झगड़े में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”


Read More News

Read More