NEWS SAGA DESK
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। भुवनेश्वर से रांची आ रही इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान 6ई-7361 में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिससे विमान को हार्ड लैंडिंग करानी पड़ी। इस दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया और वह क्षतिग्रस्त हो गया।
विमान में सवार सभी 56 यात्री सुरक्षित हैं, हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी मिली है। इंडिगो का यह विमान शाम 7:55 बजे भुवनेश्वर से रवाना हुआ था और रात करीब 8:30 बजे रांची एयरपोर्ट पर उतरना था। लैंडिंग के समय अचानक आई तकनीकी समस्या के कारण विमान को तेज झटके के साथ रनवे पर उतारना पड़ा।
झटके के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से विमान को नियंत्रित कर सुरक्षित रूप से एप्रन पर रोक दिया गया। इसके बाद सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। यात्रियों ने बताया कि लैंडिंग के दौरान जोरदार झटका महसूस हुआ, जिससे दहशत का माहौल बन गया था।
घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में इंजीनियरों ने विमान को उड़ान के लिए अनुपयुक्त बताया, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से उसे ग्राउंडेड कर दिया गया। इसका असर रांची से भुवनेश्वर जाने वाली इंडिगो की अगली उड़ान पर भी पड़ा।
रांची से भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों ने बताया कि उन्हें देर रात तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। पहले विमान को रात 9:40 बजे ग्राउंडेड घोषित किया गया था। एयरलाइंस ने वैकल्पिक विमान से छह से सात घंटे के भीतर यात्रा कराने की बात कही थी, लेकिन व्यवस्था नहीं हो सकी।
अंततः इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए होटल और भोजन की व्यवस्था की। रांची से भुवनेश्वर जाने वाले 77 यात्रियों को रात में ही ठहराया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस मामले की समीक्षा में जुटे हुए हैं।
No Comment! Be the first one.