नीरजा सहाय डीएवी में ISRO की ‘स्पेस ऑन व्हील्स’, अंतरिक्ष विज्ञान से रूबरू हुए विद्यार्थी

News Saga Desk

कांके स्थित नीरजा सहाय डीएवी पब्लिक स्कूल में 12 फरवरी 2026 को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की चलंत प्रदर्शनी बस ‘स्पेस ऑन व्हील्स’ के आगमन से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। इस प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान मिला और वे इसरो की ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिचित हुए।

यह पहल विज्ञान भारती और विद्यार्थी विज्ञान मंथन से जुड़े महासचिव चंद्रशेखर द्विवेदी के सहयोग से आयोजित की गई, ताकि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को भी वैज्ञानिक प्रगति और विकसित भारत की अवधारणा से जोड़ा जा सके। संस्था पारंपरिक भारतीय ज्ञान को आधुनिक विज्ञान से जोड़ते हुए वैज्ञानिक नवाचार, स्वदेशी तकनीक और शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय विश्वविद्यालय रांची के राष्ट्रीय संसाधन प्रबंधन विद्यालय के डीन प्रो. अरविंद चंद्र पांडे सहित डीएवी समूह के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे। मेजबान विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती किरण यादव ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस प्रदर्शनी में सात विद्यालयों के करीब 1500 विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने भाग लिया। प्रतिभागी विद्यालयों में डीएवी गांधीनगर, बरियातू, कपिल देव, आनंद स्वामी, सनातन विद्या निकेतन कांके, कैंब्रियन पब्लिक स्कूल तथा मेजबान विद्यालय शामिल थे।

‘स्पेस ऑन व्हील्स’ एक अनूठी मोबाइल प्रदर्शनी है, जो देशभर में भ्रमण कर चंद्रयान-3 सहित भारत के प्रमुख अंतरिक्ष अभियानों की जानकारी दे रही है। प्रदर्शनी में भारत की अंतरिक्ष यात्रा, चंद्रयान-1, 2 और 3 के मॉडल, विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया गया। इसरो के विशेषज्ञों ने छात्रों के तकनीकी प्रश्नों के उत्तर दिए और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान में करियर के लिए प्रेरित किया।

प्रदर्शनी में चंद्रयान-3 की उपलब्धियों के साथ-साथ चंद्रयान-4 से जुड़ी झलकियां भी प्रस्तुत की गईं। प्राचार्या किरण यादव ने कहा कि ऐसी पहल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें भविष्य में अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

यह प्रदर्शनी 13 फरवरी 2026 तक विद्यालय परिसर में जारी रहेगी।

Read More News

महाशिवरात्रि से पहले देवघर में निभी परंपरा, बाबा बैद्यनाथ और पार्वती मंदिर से उतारे गए पंचशूल

देवघर: महाशिवरात्रि से पूर्व बाबा बैद्यनाथ धाम में प्राचीन परंपराओं का निर्वहन किया गया। शुक्रवार...

Read More