छुट्टी पर आए झारखंड पुलिस के हवलदार की गला रेतकर हत्या, गांव में मचा हड़कंप

News Saga Desk

झारखंड पुलिस में तैनात एक हवलदार की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। यह सनसनीखेज वारदात बिहार के आरा जिले के चांदी थाना क्षेत्र स्थित भगवतपुर गांव में सामने आई है। मृतक की पहचान पशुपति नाथ तिवारी के रूप में हुई है, जो भगवतपुर गांव के ही निवासी थे और झारखंड के हजारीबाग जिले में चालक हवलदार के पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, पशुपति नाथ तिवारी करीब एक सप्ताह पहले छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। शुक्रवार देर रात वह अपने घर में सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। शनिवार सुबह जब परिजन उन्हें जगाने कमरे में पहुंचे, तो उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला, जिसे देखकर घर में कोहराम मच गया।

परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गहरे जख्म पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि हवलदार तिवारी जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले थे।

इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और हत्यारों की तलाश में जुट गई है।

Read More News

Read More