झारखंड पुलिस के ढांचे को मिलेगी मजबूती, 17.18 करोड़ के निर्माण कार्यों को मंजूरी

News Saga Desk

झारखंड पुलिस के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. गृह विभाग ने झारखंड पुलिस से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 17.18 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत पर प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है.

इस संबंध में गृह सचिव ने स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए प्रधान महालेखाकार को पत्र भेज दिया है. इन परियोजनाओं का लाभ राज्य के पांच प्रमुख जिलों-बोकारो, धनबाद, पलामू, चाईबासा और लातेहार-को मिलेगा.

सरकार का मानना है कि इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से पुलिस बल की कार्यक्षमता, आवासीय सुविधाएं और आधुनिक पुलिसिंग क्षमताएं मजबूत होंगी, जिससे कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा.

जानिए कहां होंगे निर्माण कार्य और कितनी आएगी लागत

  • आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा:
    धनबाद में साइबर सेल और टेक्निकल सेल के लिए भवन का निर्माण किया जाएगा. इस परियोजना पर 2.71 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे साइबर अपराध और तकनीकी मामलों की जांच को मजबूती मिलेगी.
  • जवानों के आवास पर जोर:
    पुलिस कर्मियों की आवासीय सुविधाओं में सुधार के लिए कई निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं. जैप-3, धनबाद में पुलिस क्वार्टर का निर्माण किया जाएगा. जैप-4, बोकारो में जवानों के लिए 100 बेड का बैरक बनाया जाएगा, जिस पर 4.11 करोड़ रुपये खर्च होंगे. वहीं जैप-8, पलामू में 100 बेड क्षमता वाला बैरक तैयार किया जाएगा, जिसकी लागत 3.99 करोड़ रुपये होगी.
  • महिला सुरक्षा को प्राथमिकता:
    चाईबासा जिले के चक्रधरपुर में महिला थाना भवन का निर्माण किया जाएगा. इस पर 2.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे महिला सुरक्षा और शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
  • प्रशिक्षण व्यवस्था होगी सुदृढ़:
    लातेहार में ट्रेनी और ट्रेनर के लिए 100 बेड क्षमता वाला भवन बनाया जाएगा. इस प्रशिक्षण सुविधा पर 4.07 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिससे पुलिस प्रशिक्षण ढांचे को नई गति मिलेगी.

पुलिस व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने से पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्यस्थल और आवासीय सुविधाएं मिलेंगी. साथ ही साइबर अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. सरकार का यह कदम राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Read More News

झारखंड में बदला मौसम का मिज़ाज: रांची-कोडरमा में तेज हवा और बारिश, 4-6 अप्रैल तक येलो अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है। शुक्रवार को दिनभर आंशिक बादल छाए रहे और शाम होते-होते रांची...

महाराष्ट्र के नासिक से दिल दहला देने वाली खबर: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौ’त

महाराष्ट्र के डिंडोरी कस्बे के शिवाजी नगर इलाके में शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक भयावह हादसा हुआ।...

Read More