NEWS SAGA DESK
रांचीः झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें झामुमो के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी शामिल हैं।
नामांकन के अंतिम दिन विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। भाजपा ने अपने संभावित उम्मीदवार गौरव बल्लभ को मैदान में नहीं उतारा और पूरा एनडीए निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के समर्थन में एकजुट दिखाई दिया। वहीं, इंडिया गठबंधन ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के पक्ष में एकता का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि झामुमो विधायक कल्पना सोरेन प्रणव झा की प्रस्तावक बनीं।
परिमल नथवानी के समर्थन में एनडीए
परिमल नथवानी ने दो सेट में नामांकन दाखिल किया। उनके प्रस्तावकों में भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा (रामविलास) के विधायक शामिल रहे। नामांकन पत्र में उन्होंने वर्ष 2025-26 के दौरान अपनी आय 35.70 करोड़ रुपये दर्शाई है।
प्रणव झा के समर्थन में इंडिया गठबंधन
कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा ने भी दो सेट में नामांकन दाखिल किया। पहले सेट में कांग्रेस विधायकों ने प्रस्तावक की भूमिका निभाई, जबकि दूसरे सेट में झामुमो, राजद और भाकपा माले के विधायकों ने उनका समर्थन किया। इससे राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की गई।
बैद्यनाथ राम के नामांकन में मुख्यमंत्री रहे मौजूद
झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं मौजूद रहे। उनके नामांकन पत्र के प्रस्तावकों में झामुमो और सहयोगी दलों के कई विधायक शामिल रहे। बैद्यनाथ राम ने वर्ष 2024-25 के लिए अपनी आय 15.52 लाख रुपये घोषित की है।
दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से विशेष रूप से दूसरी सीट का मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब सभी की नजरें 18 जून को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं।
No Comment! Be the first one.