News Saga Desk
रांची। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने अनूठी पहल की। आज रांची से टोरी तक चलने वाली मेमू पैसेंजर ट्रेन के परिचालन की जिम्मेदारी महिलाओं के जिम्मे रही। इस ट्रेन के पायलट से लेकर टीटीई, आरपीएफ से लेकर गार्ड तक सभी कर्मी महिलाएं रहीं। इस महिला स्पेशल ट्रेन को रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से रवाना किया गया। ट्रेन को वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रेया सिंह ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस ट्रेन में लगभग 15 कर्मी थे। जिन्होंने ट्रेन के परिचालन की जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।
विक्ट्री साइन दिखा कर जताया उत्साह
ट्रेन को रवाना करने से पहले सभी कर्मचारियों का स्वागत गुलाब के फूल के साथ किया गया। इस दौरान महिला कर्मियों के चेहरे पर गजब का उत्साह देखने को मिला। ट्रेन की रवानगी के साथ ही उन्होंने विक्ट्री साइन दिखा कर यात्रा की शुरुआत की।

आज रांची रेलवे स्टेशन से महिलाओं ने न केवल रांची-टोरी मेमू ट्रेन चलाया बल्कि स्टेशन पर ट्रेन परिचालन, बुकिंग, यांत्रिक विभाग, चिकित्सा विभाग, सफाई कर्मी और फाटक मैनेजमेंट सहित विभिन्न कार्यों का संचालन महिलाओं द्वारा किया जा रहा है।

No Comment! Be the first one.