सिरमटोली फ्लाईओवर पर रैंप बनाने के विरोध में आज रांची बंद

News Saga Desk

रांची। आज झारखंड की राजधानी रांची बंद रहेगी। बंद की घोषणा क्षेत्र के 40 से ज्यादा आदिवासी संगठनों ने किया है। बंद की शुरुआत आदिवासी संगठन के लोगों ने कर दी है। सुबह ही संगठन के लोग नामकुम के लोवाडीह चौक पहुंचे और विरोध करते हुए सड़क जाम कर दिया। इसके अतिरिक्त रिंग रोड के तिलता चौक भी जाम कर दिया। लोग ने टायर जला कर अपना विरोध प्रदर्शित किया। हांलाकि बंद को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

आज के इस बंद का समर्थन आजसू जैसे राजनीतिक संगठनों और सरना समितियों ने दिया है। यह बंद सिरमटोली फ्लाईओवर पर रैम्प बनाने के विरोध को लेकर बुलाया गया है। सिरमटोली सरना स्थल बचाओ मोर्चा की ओर से बताया गया है कि इस बंद से एम्बुलेंस, अस्पताल और परीक्षा जैसी आवश्यक सेवाएं मुक्त रहेंगी। बंदी से पहले देर शाम मोर्चा के बैनर तले आदिवासी संगठनों ने मशाल जुलूस निकाला और लोगों से बंद को सफल बनाने का आह्वान किया।

वहीं धार्मिक-सामाजिक संगठनों, दुकानदार संघों, बस-ट्रक और ऑटो रिक्शा एसोसिएशन से बंद का समर्थन करने की अपील की। आदिवासी संगठनों का कहना है कि सरहुल पर्व पर अलग-अलग जगहों से करीब तीन लाख लोग जुलूस के साथ केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली पहुंचते हैं। सरनास्थल के पास रैम्प बनाने से जुलूस में आने वाले लोगों को परेशानी होगी। इसलिए इसे किसी और जगह पर बनाया जाए।

इधर, प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी

सिरमटोली सरना स्थल बचाओ मोर्चा के प्रस्तावित रांची बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। बंद समर्थकों से निपटने के लिए सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। अलबर्ट एक्का चौक पर वाटर कैनन के साथ पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। वहीं सीसीटीवी कैमरों से भी बंद पर नजर रखी जाएगी। जिला प्रशासन ने बंद समर्थकों से अपील की है कि वे कानूनी दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएं। कानून हाथ में न लें। क्योंकि बंद के दौरान तोड़फोड़ और उपद्रव करने वाले लोगों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वे किसी भी व्यापारी, वाहन चालक या आम लोगों पर बंद में शामिल होने के लिए दबाव न डालें।

अभी विधानसभा सत्र चल रहा है। सेंट जेवियर्स कॉलेज समेत कई जगह परीक्षाएं हैं। इसका ध्यान रखें। उन्हें आने-जाने में कोई भी परेशानी नहीं होनी चाहिए। ताकि वे शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा दे सकें। बंद के कारण आम लोगों को परेशान करने की कोशिश न की जाए। क्योंकि पूरे मामले पर पुलिस कड़ी नजर रख रही है।

जहां 12वीं की परीक्षा, वहां खुले रहेंगे स्कूल

स्कूलों में आज 12वीं बोर्ड की परीक्षा है। रांची सहोदया स्कूल कॉम्पलेक्स की अध्यक्ष परमजीत कौर ने कहा कि जहां बोर्ड की परीक्षा होने वाली है, वे सभी स्कूल खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि डीपीएस, सरला-बिरला, सुरेंद्रनाथ स्कूल, कैंब्रियन स्कूल कांके रोड, ब्रिजफोर्ड स्कूल और डीएवी ग्रुप में भी परीक्षा है। इसलिए ये सभी स्कूल खुलेंगे।


Read More News

मुस्लिमों को विकास की धारा से जोड़ना चाहते हैं PM मोदी, कांग्रेस ने बनाया वोट बैंक: जफर इस्लाम

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा संसद जफर इस्लाम ने आज जमकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना...

झारखंड कोलियरी यूनियन महाधिवेशन: सीएम हेमंत ने दिल्ली से किया संबोधन, संगठन में हुए बड़े बदलाव

झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के आठवें केंद्रीय महाधिवेशन का आयोजन शनिवार को रांची स्थित सीएमपीडीआई...

विधायक सरयू राय ने बांटे 113 पेंशन प्रमाण पत्र, सफाई के लिए बढ़ाई जाएंगी 20 मजदूर और 50 गाड़ियां

जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने शनिवार को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत...

चंपाई सोरेन का बड़ा ऐलान: भोगनाडीह में मनाएंगे हूल दिवस, वीरों की धरती से फिर गूंजेगा “हूल” का नारा

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने एक्स  पर पोस्ट कर आगामी 'हूल दिवस' को भोगनाडीह में मनाने...

Read More